जींद : दुग्ध बूथ तथा गोदाम में लगी आग से लाखों का सामान जला

 


जींद, 21 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव अमरहेड़ी के निकट दुग्ध बूथ तथा उसके साथ बने गोदाम में आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलने पर आसपास के लोग तथा सदर थाना पुलिस तथा फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक बूथ व गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जल कर राख हो चुका था। सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। बूथ मालिक ने आरोप लगाा कि किसी ने बूथ तथा गोदाम में आग लगाई है।

गांव अहिरका निवासी सोनू ने गांव अमरहेड़ी बाईपास ओवरब्रिज के निकट वीटा का बूथ खोला हुआ है। इसके साथ ही गोदाम भी बनाया है। शुक्रवार रात बूथ तथा गोदाम में धुंआ उठने लगा। देखते ही देखते आग लग गई। आग की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस तथा फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक चार बड़े फ्रिज, चाकलेट फ्रिज, आधा दर्जन घी की पेटी, पीपियां, बिस्कूट समेत अन्य सामान तथा गोदाम में रखी काफी संख्या में ठंडों की पेटियां समेत अन्य सामान जल गया। बूथ मालिक गांव अहिरका निवासी सोनू ने आरोप लगाया कि उसके बूथ में तेल छिड़क कर किसी व्यक्ति ने षडय़ंत्र के तहत आग लगाई है। आग की घटना में उसे सात से आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सोनू की शिकायत पर सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा