हिसार : डॉ. कालिंदी देव ने फिजियोथेरेपी में एआई व डिजिटल तकनीक की भूमिका पर लिखी पुस्तक
गुजविप्रौवि की सहायक प्रोफेसर ने कुलपति प्रो. विजय कुमार को भेंट की पुस्तक
दूरस्थ उपचार और तकनीक आधारित पुनर्वास पर दिया व्यावहारिक मार्गदर्शन
हिसार, 27 नवंबर (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
के फिजियोथेरेपी विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. कालिंदी देव ने अपनी नई पुस्तक एआई एंड
टेलिरिहैबिलिटेशन इन फिजियोथेरेपी: ए गाइड फॉर क्लिनिकल प्रैक्टिस की प्रति कुलपति
प्रो. विजय कुमार को भेंट की। कुलपति कार्यालय में आयोजित इस औपचारिक कार्यक्रम में
डॉ. देव ने पुस्तक को विश्वविद्यालय के प्रति अपने शैक्षणिक योगदान के रूप में प्रस्तुत
किया।
पुस्तक में फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डिजिटल
प्लेटफॉर्म के माध्यम से दूरस्थ उपचार सेवाओं की बढ़ती भूमिका पर विस्तार से चर्चा
की गई है। इसमें चिकित्सकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए तकनीक आधारित पुनर्वास
को अपनाने के संबंध में व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया है।
कुलपति प्रो. विजय कुमार ने शुक्रवार काे डॉ. कालिंदी देव के इस विद्वत्तापूर्ण प्रयास की
सराहना करते हुए उन्हें पुस्तक के प्रकाशन पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि फिजियोथेरेपी
शिक्षा और उपचार पद्धतियों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा दूरस्थ पुनर्वास तकनीक का समावेश
समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। यह पहल विश्वविद्यालय के विज्ञान, प्रौद्योगिकी और
अनुप्रयुक्त शोध को बढ़ावा देने के उद्देश्यों के अनुरूप है।
इस अवसर पर डॉ. देव ने विश्वविद्यालय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा
कि विश्वविद्यालय शोध और नवाचार को प्रोत्साहित करने वाला वातावरण प्रदान कर रहा है।
उन्होंने बताया कि पुस्तक का उद्देश्य पारंपरिक फिजियोथेरेपी पद्धतियों को आधुनिक डिजिटल
उपकरणों से जोड़ना है, ताकि विशेष रूप से दूरदराज और सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों के
मरीजों तक बेहतर उपचार सेवाएं पहुंचाई जा सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर