सोनीपत में बोलेरो ने सवा दो साल के मासूम को कुचला, हुई मौत

 


सोनीपत, 18 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत के बढ़मलिक स्थित जगबीर कॉलोनी में हुए सड़क हादसे

में सवा दो साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। घर के बाहर खेल रहे बच्चे को बोलेरो चालक

ने गाड़ी पीछे करते समय टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे को परिजन

सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि हादसे के बाद चालक गाड़ी सहित मौके से फरार हो गया।

थाना राई पुलिस ने बच्चे के पिता

की शिकायत पर आरोपित चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में शुभम ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर

प्रदेश के जिला सीतापुर के गांव कनवाखेड़ा का रहने वाला है और फिलहाल बढ़मलिक की जगबीर

कॉलोनी में परिवार के साथ रहता है। उसके दो बेटे हैं।

बड़ा बेटा ओम सवा दो साल का था।

17 नवंबर की शाम ओम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बोलेरो गाड़ी का चालक आलोक निवासी

चौखड़िया, जिला सीतापुर, गाड़ी तेज गति से पीछे करने लगा और बच्चे को अपनी चपेट में

ले लिया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, हादसा होते ही परिजनों ने चालक को

गाड़ी रोकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन वह नहीं रुका और वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

परिजन तुरंत बच्चे को सरकारी अस्पताल सोनीपत ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित

कर दिया।

अस्पताल से सूचना मिलने पर सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार पुलिस

टीम के साथ पहुंचे और परिजनों के बयान दर्ज किए। शुभम की शिकायत के आधार पर थाना राई

पुलिस ने 18 नवंबर को चालक आलोक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच

कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना