रोहतक की जेएलएन नहर में मिला पानीपत के युवक का शव

 

मायना के पास बरामद हुई डेड बॉडी, कई दिन से लापता था गुरविंदर सिंह

रोहतक, 09 अगस्त (हि.स.)। जेएलएन नहर में मायना के पास रविवार को एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नहर में शव मिलने की सूचना के बाद शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान पानीपत के मॉडल टाउन निवासी गुरविंदर सिंह जुनेजा पुत्र संतोख सिंह के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि गुरविंदर सिंह पिछले कई दिनों से लापता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक के डेड हाउस में भिजवा दिया। शव की पहचान होने की सूचना पर मृतक के परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। परिजनों से युवक के लापता होने और उसके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गुरविंदर सिंह किन परिस्थितियों में लापता हुआ और वह जेएलएन नहर तक कैसे पहुंचा।

जांच अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि फिलहाल मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस युवक के लापता होने से लेकर शव बरामद होने तक की पूरी कड़ी को खंगाल रही है। पुलिस के मुताबिक, मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। परिजनों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल