सिरसा: लापता युवक का शव खेतों में बनी पानी की डिग्गी से बरामद

 

सिरसा, 07 जून (हि.स.)। जिले क्षेत्र में घर से लापता युवक का शव खेतों में बनी पानी की डिग्गी से बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डबवाली के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। गांव रिसालियाखेड़ा निवासी गुरदीप शनिवार को घर से लापता हो गया था। परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे।

रविवार को ग्रामीणों ने गांव से दाे किलाेमीटर देर खेतों में बनी पानी की डिग्गी में एक शव देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को डिग्गी से बाहर निकाला। मृतक युवक के परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की शिनाखत गुरदीप के रूप में की। घटनास्थल पर ही गुरदीप की मोटरसाइकिल व चप्पलें भी मिली हैं। आशंका जताई जा रही है कि गुरदीप डिग्गी में गिरा होगा जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गुरदीप इकलौता बेटा था जबकि उसकी पांच बहनें हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डबवाली के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। मौत के असली कारणों का पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही पता चल पाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

जिले के गांव कोटली निवासी रणजीत सिंह की बाइक से गिरकर मौत हो गई। रणजीत सिंह जिला मुख्यालय में ट्रेजरी शाखा में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि शनिवार देर शाम को वह शहर से गांव जा रहा था। गांव बाजेकां नाका के पास स्पीड ब्रेकर पर रणजीत सिंह की बाइक उछली जिससे वह नीचे गिर गया। राहगीरों ने घायल अवस्था में उसे सिरसा के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma