रोहतक में कांग्रेस भवन के सामने खून से लथपथ मिला पूर्व भाजपा पार्षद के पति का शव
पूर्व भाजपा पार्षद दीपिका नेहरा के पति थे प्रदीप, शव के पास मिला लाइसेंसी रिवॉल्वर
पिता का आरोप, बेटे की गोली मारकर हत्या की गई, परिवार के 8-10 लोगों से चल रहा था विवाद
रोहतक, 30 सितंबर (हि.स.)। शहर में कांग्रेस भवन के सामने बुधवार देर रात एक स्कॉर्पियो गाड़ी के अंदर पूर्व भाजपा पार्षद दीपिका नेहरा के पति प्रदीप का खून से लथपथ शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ मिला। जनता कॉलोनी निवासी प्रदीप के शव के पास उनका लाइसेंसी रिवॉल्वर भी पड़ा हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को जांच के दायरे में ले लिया।
डीएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। पुलिस के अनुसार देर रात राहगीरों ने एक गाड़ी में युवक का शव पड़ा देखा। इसी बीच सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। इसी दौरान मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। प्रदीप की मौत को लेकर परिजनों और पुलिस की शुरुआती जांच में अलग-अलग बातें सामने आई हैं। मौके पर पहुंचे प्रदीप के पिता देवेंद्र ने सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाया, उनका कहना है कि उनके बेटे को गोली मारकर हत्या की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार के ही आठ-दस लोगों ने उन्हें और उनके बेटे को परेशान कर रखा था तथा धमकियां भी दी जा रही थीं।
32 करोड़ के चेक बाउंस मामले से जुड़ा विवाद बताया
देवेंद्र ने पुलिस के सामने 32 करोड़ रुपये के चेक बाउंस से जुड़े मामले का भी जिक्र किया। उनका आरोप है कि इसी विवाद को लेकर परिवार के कुछ लोगों से तनातनी चल रही थी और उन्हें धमकियां दी गई थीं। पिता के इन आरोपों के बाद पुलिस अब पारिवारिक विवाद और चेक बाउंस प्रकरण की कड़ियों को भी खंगाल रही है।
पुलिस को शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस अभी किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंची है। शव के पास मिले लाइसेंसी रिवॉल्वर को कब्जे में लेकर उसकी फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। गोली चलने की परिस्थितियों और घटनास्थल पर मिले अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से लगाए गए हत्या के आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से छानबीन कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल