पानीपत: कांवड़ लेने गए युवक का शव शौचालय में मिला
पानीपत, 10 अगस्त (हि.स.)। जिला के गांव मांडी से कांवड़ लेने हरिद्वार के लिए निकले एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दो दिन बाद सोमवार को इसराना स्थित एक दुकान में बने शौचालय से बदबू आने पर क्षेत्रवासियों पता चला। जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव का निरीक्षण करने के बाद शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार गांव मांडी का रहने वाला 33 वर्षीय सुरेंद्र अपने घर से कांवड़ लाने की बात कहकर निकला था। परिवार वाले उसे हंसी-खुशी कांवड़ यात्रा के लिए रवाना कर चुके थे और सभी उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन परिजनों की खुशियां उस समय गम में बदल गईं, जब उन्हें अचानक सुरेंद्र की मौत की खबर मिली। पुलिस के मुताबिक, सुरेंद्र का शव एक बाथरूम के अंदर संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ पाया गया। क्यों कि शरीर पर दिखने वाले शुरुआती निशानों से मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया हो पा रहा है । मृतक सुरेंद्र अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अभी अविवाहित था। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और उनके द्वारा दी गई जानकारियों के आधार पर जांच शुरु कर दी है। और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और सुरेंद्र के आखिरी फोन कॉल्स की भी डिटेल खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हरिद्वार रवाना होने के बाद वह इसराना स्थित दुकान में कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंचा।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा