सिरसा: युवक का शव मिला, नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका
सिरसा, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के रानियां कस्बा क्षेत्र से एक युवक का शव मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतक युवक की पहचान गांव नकोड़ा निवासी छिंद्रपाल के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि युवक नशे का सेवन करता था और आशंका जताई जा रही है कि नशे की ओवरडोज से मौत हुई हो। स्थानीय लोगों के अनुसार रानियां शहर के बालासर रोड पर स्थित बंद पड़ी गत्ता फैक्ट्री के पास बुधवार रात एक युवक नशे की हालत में पड़ा था। गुरुवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक मृत अवस्था में था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया, जहां शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पाेस्टमार्टम रिपाेर्ट के बाद ही माैत के असली कारणाें का पता चल पाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma