पानीपत: दिल्ली पैरलल नहर में मिला युवक का शव,शिनाख्त नहीं

 


पानीपत, 11 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत के गांव सिवाह बाईपास के नजदीक आज उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दिल्ली पैरलल नहर में एक व्यक्ति का शव बहता हुआ दिखाई दिया। शव की सूचना मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शव मिलने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार सिवाह गांव के पास से गुजर रही दिल्ली पैरलल नहर में ग्रामीणों ने एक व्यक्ति के शव को नहर में बहते हुए देखा।

ग्रामीणों ने आनन फानन में शव को नहर से बाहर निकाला। इसके बाद मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का निरीक्षण किया जिसकी उम्र लगभग 40 वर्ष आंकी गई है। लेकिन मृतक की जेब या आसपास से ऐसी कोई वस्तु या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। शव की शिनाख्त के लिए सोनीपत, करनाल, जींद और रोहतक जैसे पड़ोसी जिलों की पुलिस से संपर्क साधा है।

सभी जिलों के पुलिस थानों को पिछले कुछ दिनों के दौरान दर्ज हुई गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगालने के लिए आग्रह किया है। साथ ही पुलिस इस मामले को कई पहलुओं से देख रही है। पुलिस जांच कर रही है कि व्यक्ति नहर में कैसे गिरा। क्या यह कोई हादसा था या व्यक्ति ने मानसिक परेशानी के चलते आत्महत्या की है। पुलिस हत्या के पहलू को भी नकार नहीं रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा