यमुनानगर: पंजाब के माेहाली से लापता युवक का शव यमुना नहर में मिला
यमुनानगर, 28 मई (हि.स.) यमुनानगर जिले के ताजेवाला क्षेत्र में पश्चिमी यमुना नहर से बरामद अज्ञात युवक के शव की पहचान कर ली गई है। मृतक की पहचान मोहाली निवासी 25 वर्षीय सिराज के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार युवक मानसिक रूप से कमजोर था तथा 72 प्रतिशत दिव्यांग था। वह 22 मई से घर से लापता चल रहा था। पुलिस के अनुसार बुधवार शाम ताजेवाला क्षेत्र में पश्चिमी यमुना नहर से एक युवक का शव बरामद हुआ था। पहचान संबंधी कोई दस्तावेज न मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया था। बाद में युवक की बाजू पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया।
गुरुवार को मृतक के पिता शमसुद्दीन अन्य परिजनों के साथ यमुनानगर पहुंचे और अस्पताल में शव की पहचान की। शमसुद्दीन ने बताया कि वह मोहाली सब्जी मंडी में आढ़ती का कार्य करते हैं। उनके परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें सिराज सबसे बड़ा था। परिजनों के मुताबिक सिराज पूर्व में भी कई बार बिना बताए घर से निकल जाता था। उसे कई बार हिमाचल प्रदेश समेत अन्य स्थानों से वापस लाना पड़ा था।
इसी कारण परिवार ने उसकी बाजू पर स्थायी रूप से मोबाइल नंबर लिखवा रखा था, ताकि भटकने की स्थिति में लोग संपर्क कर सकें। परिवार ने बताया कि 22 मई की सुबह सिराज अचानक घर से गायब हो गया था। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। दो दिन बाद मोहाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बुधवार शाम यमुनानगर पुलिस का फोन आने पर परिवार को घटना की जानकारी मिली। पिता शमसुद्दीन ने कहा कि उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि उनका बेटा यमुनानगर तक पहुंच जाएगा। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार