यमुनानगर:खेत में पानी से भरे गड्ढे से लापता व्यक्ति का शव बरामद

 


यमुनानगर, 06 अगस्त (हि.स.) यमुनानगर जिले के गांव मंधार के निकट खेतों में पानी से भरे गड्ढे से गुरुवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव ज्ञानेवाला निवासी 44 वर्षीय कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। वह दो बच्चों के पिता थे और मंगलवार से लापता थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस के अनुसार, कृष्ण कुमार मंगलवार को घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद बुधवार रात उनके बेटे शिवम की शिकायत पर सदर जगाधरी थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।

जांच के दौरान गांव मंधार के पास खेतों के निकट कृष्ण कुमार की चप्पल मिली थी। उस समय बारिश के कारण खेतों में काफी पानी भरा हुआ था, जिससे आसपास खोजबीन के बावजूद उनका पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह पानी का स्तर कम होने पर खेत में बने एक गड्ढे में शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने पहचान होने के बाद तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा। जांच अधिकारी हरी राम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि कृष्ण कुमार नशे की हालत में पानी से भरे गड्ढे में गिर गए होंगे। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि कृष्ण कुमार को शराब पीने की आदत थी। परिवार में उनका बेटा शिवम सहित अन्य सदस्य हैं। पुलिस ने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार