सिरसा: नहर में डूबे दो किशोरों के शव राजस्थान क्षेत्र से बरामद
सिरसा, 06 जून (हि.स.)। नहर में डूबे सिरसा जिले के गांव बणी निवासी दो किशोरों के शव पुलिस ने राजस्थान क्षेत्र से नहर से बरामद कर लिए हैं। उल्लेखनीय है कि गांव बणी निवासी मनीष कुमार व मोहित बीते गुरुवार को राजकनाल में नहाने के लिए गए थे और डूबे गए। दो दिनों से गोताखोर उनकी तलाश कर रहे थे।
शनिवार को राजस्थान क्षेत्र में नहर पुल के निकट से दोनों किशोरों के शव मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर टिब्बी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया। इसके बाद परिजन उनके शव लेकर गांव में पहुंचे। बताया जा रहा है कि दोनों गांव के अन्य युवकों के साथ नहर में नहाने गए थे, लेकिन परिजनों को इस बात की जानकारी नहीं थी। दोनों वापस घर नहीं लौटे तो नहर में डूबने का पता चला, जिसके बाद गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश शुरू की गई। बताया जा रहा है कि दोनों ही अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं।
क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर युवती ठगी
पुलिस ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांझा देकर जिले निवासी एक युवती से 98 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी युवक को दिल्ली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने शनिवार को बताया कि अग्रसेन कॉलोनी निवासी एक युवती ने साइबर थाना सिरसा में शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान महत्वपूर्ण सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र से गिरफ्तार लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma