सोनीपत: जिले के 83 परीक्षा केंद्र, आठ संवेदनशील कड़ी सुरक्षा में बोर्ड परीक्षाएं शुरु

 


सोनीपत, 25 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा

विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं बुधवार से प्रदेशभर

में आरंभ हो गई हैं। सोनीपत में परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न

कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध लागू किए हैं। परीक्षा अवधि के

दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अवांछित गतिविधि को रोकने के उद्देश्य

से धारा-163 के तहत विशेष आदेश जारी किए गए हैं, जो निर्धारित अवधि तक प्रभावी रहेंगे।

परीक्षा

का समय दोपहर 12 बजकर 30 मि्नट से 3 बजकर 30 मि्नट तक निर्धारित है। 12वीं कक्षा की

परीक्षाएं 25 फरवरी से एक अप्रैल तक तथा 10वीं कक्षा की परीक्षाएं 26 फरवरी से 20 मार्च

तक आयोजित होंगी। सभी परीक्षाएं एक ही सत्र में होंगी। परीक्षार्थियों को 12 बजे तक

परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। सोनीपत

जिले में इस बार 83 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 23,976 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

पिछले वर्ष 26,749 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इस बार 2,773 विद्यार्थियों की

कमी दर्ज की गई है। अधिकारियों के अनुसार कुछ विद्यालयों के केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा

बोर्ड से जुड़ने के कारण यह कमी आई है। हालांकि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा

केंद्रों की संख्या 76 से बढ़ाकर 83 कर दी गई है।

गत वर्ष

बरोदा, पुगथला, कुंडली, फरमाना और भटगांव क्षेत्रों में बाहरी हस्तक्षेप तथा नकल के

प्रयास सामने आए थे। इन्हीं घटनाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार अतिरिक्त सतर्कता

बरती जा रही है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और प्रश्न पत्रों पर क्यूआर

कोड अंकित किया गया है। यदि कोई प्रश्न पत्र का चित्र लेकर प्रसारित करने का प्रयास

करता है तो उसकी सूचना तुरंत बोर्ड तक पहुंचेगी। नकल या लापरवाही पाए जाने पर सख्त

कार्रवाई की जाएगी।

जिला

उपायुक्त, उपमंडल अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी स्तर की टीमें

नियमित निरीक्षण कर रही हैं। सामान्य केंद्रों पर दो पुलिसकर्मी तथा संवेदनशील केंद्रों

पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने कहा कि

नकल रोकने के लिए विभाग पूर्णतः सतर्क है और किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं

की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना