पानीपत: परीक्षा की पवित्रता पर पहरा: 72 केंद्रों पर प्रशासन की कड़ी निगरानी: उपायुक्त

 


पानीपत, 25 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत में बोर्ड परीक्षाओं को नकल मुक्त और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले में दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं को नकल रहित बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई है।

उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बुधवार काे बताया कि जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू कर दी गई है, जिससे अवांछित भीड़ और बाहरी हस्तक्षेप पर रोक लगाई जा सके। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि परीक्षा की शुचिता हमारे लिए सर्वोपरि है। यदि किसी भी केंद्र पर नकल या अनुशासनहीनता की घटना सामने आई तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेहनती विद्यार्थियों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उडऩदस्तों को सक्रिय रखा गया है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार औचक निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने समीक्षा के बाद जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए कि पर्यवेक्षकों की उपस्थिति समय पर सुनिश्चित हो तथा परीक्षा सामग्री की गोपनीयता हर हाल में बनी रहे। केंद्र अधीक्षकों को सख्त हिदायत दी गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दें। प्रशासन की इस सक्रियता से स्पष्ट है कि इस बार बोर्ड परीक्षाओं को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। उन्होंने कहा, परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। विद्यार्थियों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। पुलिस द्वारा परीक्षा केंद्रों के आसपास नियमित गश्त की जा रही है। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि अफवाहों पर तुरंत नियंत्रण किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा