हिसार : नेपाल की पीड़ा में भारत हरसंभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध : डॉ. कमल गुप्ता
मानवीय संकट की हर घड़ी में सेवा और राहत कार्यों के लिए भाजपा कार्यकर्ता
तैयार
हिसार, 31 अगस्त (हि.स.)। भाजपा जिला कार्यालय में साेमवार काे आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम
में हरियाणा के पूर्व स्वास्थ्य एवं नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने आमजन की
समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान
करवाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी विभिन्न समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान बातचीत करते हुए साेमवार काे डॉ. कमल गुप्ता ने नेपाल में आई
भीषण त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नेपाल में हुई पीड़ादायक घटना
केवल वहां के लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय के लिए भी बेहद दुखद है।
भारत की जनता की संवेदनाएं नेपाल के पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि नेपाल
भारत का केवल पड़ोसी देश नहीं है, बल्कि दोनों देशों के बीच हजारों वर्षों से सांस्कृतिक,
धार्मिक और भावनात्मक संबंध रहे हैं। ऐसे कठिन समय में भारत सरकार की ओर से हरसंभव
सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने इसे भारत का नैतिक और मानवीय दायित्व बताया।
डॉ. कमल गुप्ता ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता सेवा और समर्पण की भावना के
साथ हमेशा समाज के बीच सक्रिय रहे हैं। प्राकृतिक आपदा हो या कोई अन्य संकट, भाजपा
कार्यकर्ताओं ने समाजसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों के सहयोग से राहत सामग्री जुटाकर
जरूरतमंदों तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय जरूरतमंद लोगों
तक कपड़े, कंबल, दवाइयां, खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं पहुंचाने में कार्यकर्ताओं
ने हमेशा तत्परता दिखाई है। उन्होंने कहा कि यदि नेपाल में राहत कार्यों के लिए संगठन
की आवश्यकता पड़ती है तो भाजपा कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ सेवा कार्यों
में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं। मानव सेवा को सबसे बड़ा धर्म बताते हुए उन्होंने
कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इसी भावना के साथ समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर
रहता है।
जनसंवाद कार्यक्रम में सुरेश गोयल धूप वाला, रामचंद्र गुप्ता, कृष्ण बिश्नोई,
लोकेश असीजा, धर्म सिंह खटकड़, पूर्व पार्षद उम्मेद खन्ना, सुदेश चौधरी, बलबीर भुंबक,
सविता कपूर, संजय कपूर, जयभगवान, संजय सूरा, प्रवीण नारंग और सतीश महत्ता सहित अन्य
कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर