यमुनानगर:साढौरा उपचुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी की जीत
यमुनानगर, 13 मई (हि.स.) यमुनानगर के साढौरा नगर पालिका के वार्ड नंबर-9 के उपचुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार लखविंदर सिंह ने निर्णायक जीत हासिल की है। बुधवार को डीएवी पब्लिक स्कूल में हुई मतगणना में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को बड़े अंतर से पराजित किया। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया और जीत का जश्न शुरू हो गया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार लखविंदर सिंह को कुल 431 मत प्राप्त हुए। वहीं इनेलो प्रत्याशी इंद्रजीत शर्मा 212 वोट हासिल कर दूसरे स्थान पर रहे। निर्दलीय उम्मीदवार अशोक मेहता को 102 मत मिले, जबकि चार मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। मतगणना प्रक्रिया सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। चूंकि मतदान एक ही ईवीएम में हुआ था, इसलिए परिणाम भी अपेक्षाकृत जल्दी घोषित कर दिए गए।
मतगणना केंद्र के बाहर सुबह से ही प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी और सभी की नजरें परिणाम पर टिकी थीं। इस उपचुनाव में कुल 749 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जैसे ही लखविंदर सिंह की जीत की घोषणा हुई, समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी जताई। कई स्थानों पर मिठाइयां बांटी गईं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी। साढौरा क्षेत्र में देर तक विजय उत्सव का माहौल बना रहा।
चुनाव अधिकारी एवं बिलासपुर के एसडीएम जसपाल गिल ने विजेता प्रत्याशी को प्रमाण पत्र सौंपा। उन्होंने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गई। प्रशासन की ओर से मतगणना केंद्र और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार