तीन महीने में हर बूथ पर 11 सदस्यीय समिति का पुनर्गठन करेगी भाजपा

 


-वरिष्ठ पदाधिकारी करेंगे रात्रि प्रवास,संगठन की मजबूती पर देंगे बल

-प्रदेश प्रभारी व सह-प्रभारी का दो दिवसीय हरियाणा प्रवास शुरू

चंडीगढ़, 22 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने के लिए आगामी तीन महीन में प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर 11 सदस्यीय समिति के गठन एवं पुनर्गठन का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके साथ ही प्रत्येक बूथ पर पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी जिलों में प्रवास कर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान रात्रि प्रवास भी किया जाएगा, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से संपर्क मजबूत हो सके।

गुरुवार को भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं हरियाणा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी तथा राष्ट्रीय सचिव एवं सांसद डॉ. भोला सिंह दो दिवसीय हरियाणा प्रवास के तहत प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने उनका स्वागत किया। पहले दिन हुई संगठनात्मक बैठकों में बूथ सशक्तिकरण, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठकों की अध्यक्षता कर रहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि पहले दिन राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ने प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा तथा प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा, सत्यप्रकाश जरावता और वेद फुल्ला के साथ बैठक की। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों तथा सभी जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ अलग-अलग संगठनात्मक बैठकें हुईं। इनमें संगठन की मजबूती और आगामी तीन महीनों की कार्ययोजना पर मंथन किया गया।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि बूथ समितियों के गठन एवं पुनर्गठन और पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति के लिए प्रदेश पदाधिकारियों, प्रदेश महामंत्रियों और जिला प्रभारियों के नियमित प्रवास सुनिश्चित किए जाएंगे। इन प्रवासों में कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद, बूथ स्तर की स्थिति की समीक्षा और संगठनात्मक जिम्मेदारियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी जिलों में रात्रि प्रवास भी करेंगे। इस दौरान वरिष्ठ और पुराने कार्यकर्ताओं से संपर्क कर उनके अनुभवों का लाभ संगठन को दिलाने पर जोर रहेगा।

प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि बैठक में निर्णय लिया गया कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात करके उनका फीडबैक लिया जाएगा। इसके अलावा जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा