प्रधानमंत्री से मिली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, पुराल से बना कमल भेंट किया

 


चंडीगढ़, 28 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने ‘‘पुराल’’ निर्मित कमल का पुष्प भेंट कर प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। लगभग आधे घंटे तक चली इस मुलाकात में संगठनात्मक, सामाजिक और महिला सशक्तिकरण तथा विकसित भारत के संकल्प सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद यह उनके सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अवसर रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हरियाणा की नायब सरकार विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, प्रत्येक कार्यकर्ता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने तथा सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता केवल विचार नहीं बल्कि दृढ़ संकल्प है। आज उनके साथ हुई मुलाकात में इस भावना को उन्होंने निकट से अनुभव किया।

प्रधानमंत्री मोदी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने हरियाणा के महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा पुराल (धान के अवशेष/प्राकृतिक रेशों) से हस्तनिर्मित कमल का फूल भेंट किया। यह कलात्मक स्मृति-चिन्ह हरियाणा की ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता, स्वदेशी शिल्प, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे नवाचार का सशक्त उदाहरण है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा