गुटबाजी पर नेताओं से हाेगी जवाब-तलबी: बड़ौली

 

चंडीगढ़, 20 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में चल रही गुटबाजी की खबरों पर विराम लगाते हुए प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने स्पष्ट किया है कि पार्टी में गुटबाजी के लिए कोई स्थान नहीं है। पार्टी में अनुशासनहीनता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भाजपा के गुरुग्राम तथा फरीदाबाद में हुए कार्यक्रमों के दौरान शीर्ष नेताओं व जिला पदाधिकारियों के बीच हुए विवाद इन दिनों चर्चा का विष्य बने हुए हैं। दो केंद्रीय मंत्रियों तथा प्रदेश के मंत्रियों की बयानबाजी लगातार चल रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने मंगलवार काे कहा कि इस तरह के घटनाक्रम का संज्ञान लेते हुए कहा कि किसी भी नेता द्वारा एक-दूसरे के विरूद्ध बयानबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बड़ौली ने कहा कि फरीदाबाद, रेवाड़ी, गुरुग्राम में हुए घटनाक्रम संज्ञान में आ चुके हैं। जल्द ही वहां के नेताओं को बुलाकर उनका पक्ष सुना जाएगा। संगठन से जुड़े जिला स्तरीय नेताओं से भी बातचीत की जाएगी। इस तरह के घटनाक्रम भविष्य में न हों इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।

एक सवाल के जवाब में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में हरियाणा के बीस नेता प्रस्तावक बने हैं। नितिन नबीन पहले भी हरियाणा आ चुके हैं। अब बुधवार को वह हरियाणा भाजपा की पहली बैठक लेंगे, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सैनी के अलावा संगठन मंत्री व अन्य नेता शामिल होंगे। इस बैठक में प्रदेश से जुड़े कई अहम विषयों पर फैसला लिया जाएगा। हरियाणा भाजपा अध्यक्ष की नई नियुक्ति पर बड़ौली ने कहा कि इस बारे में फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय नेतृत्व को लेना है। पार्टी हाईकमान का जो भी निर्णय होगा उन्हें स्वीकार होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा