भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में हरियाणा की अहम भूमिका
चंडीगढ़, 17 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में हरियाणा के नेताओं को विशेष जिम्मेदारी मिली है। सोमवार को हुई राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा में हरियाणा से जुड़े छह प्रमुख चेहरों को विशेष प्रतिनधित्व मिला है।
इन नियुक्तियों में सबसे अहम हरियाणा से राज्यसभा सदस्य संजय भाटिया की है। उन्हें राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। भाटिया की नियुक्ति को हरियाणा भाजपा के लिए विशेष महत्व इसलिए भी दिया जा रहा है क्योंकि राष्ट्रीय महामंत्री पार्टी के सबसे महत्वपूर्ण संगठनात्मक पदों में शामिल होता है। भाटिया की गिनती केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल के भरोसेमंद सहयोगियों में होती है।
संजय भाटिया ने 2019 में करनाल लोकसभा सीट से ऐसी जीत दर्ज की थी, जिसने राष्ट्रीय स्तर पर सभी का ध्यान खींचा था। उन्होंने कांग्रेस के कुलदीप शर्मा को 6 लाख 56 हजार 142 वोटों के अंतर से हराया था। हरियाणा के लिए दूसरी महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रदेश की राजनीति और संगठन से गहराई से जुड़े रहे तीन नेताओं को भी राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। हरियाणा भाजपा के मौजूदा प्रभारी डा. सतीश पूनिया को राजस्थान से राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। इसी तरह हरियाणा के पूर्व प्रभारी विनोद तावड़े को महाराष्ट्र से और पूर्व प्रभारी बिप्लब कुमार देब को त्रिपुरा से राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है।
राष्ट्रीय टीम में हरियाणा की हिस्सेदारी का एक और पहलू नई पीढ़ी और आधुनिक राजनीतिक संचार से जुड़ा है। भाजपा संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य एवं पूर्व सांसद डा. सुधा यादव के बेटे सिद्धार्थ यादव को राष्ट्रीय मीडिया सह संयोजक बनाया गया है। सिद्धार्थ यादव इससे पहले राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हरियाणा भाजपा के सोशल मीडिया प्रमुख रह चुके अरुण यादव को राष्ट्रीय सोशल मीडिया सह संयोजक बनाया गया है। राज्य में सोशल मीडिया के मोर्चे पर उनकी सक्रियता को देखते हुए यह जिम्मेदारी भाजपा के बदलते राजनीतिक संचार माडल की झलक भी देती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा