हिसार : गौ संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही भाजपा सरकार : भव्य बिश्नोई

 


पूर्व विधायक ने

गौशालाओं को वितरित किए करोड़ों के चैक

हिसार, 25 अप्रैल

(हि.स.)। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई ने कहा

है कि सरकार की ओर से दी जा र ही आर्थिक सहायता गौशालाओं के संचालन, गायों के संरक्षण

और उनकी बेहतर देखभाल के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने गाय को भारतीय संस्कृति

और समाज की पहचान बताते हुए कहा कि गौ सेवा न केवल धार्मिक आस्था का विषय है, बल्कि

यह हमारी परंपराओं और मूल्यों को सहेजने का भी एक माध्यम है।

भव्य बिश्नोई शनिवार

को आदमपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न सामाजिक एवं विकासात्मक कार्यक्रमों

में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बालसमंद में आयोजित एक कार्यक्रम में

भाग लेते हुए बालसमंद, डोभी, मोहब्बतपुर, काबरेल, मंडी आदमपुर, सदलपुर, कोहली, खासा

महाजन, फ्रांसी और जगाण स्थित गौशालाओं के प्रतिनिधियों को करोड़ों रुपये के चेक वितरित

किए।

भव्य बिश्नोई ने

अपने संबोधन में कहा कि राज्य और केंद्र सरकार द्वारा गौ संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास

कर रही है। इसी कड़ी में यह सहायता राशि गौशालाओं को मजबूत बनाने में सहायक होगी। उन्होंने

गौशाला संचालकों से अपील की कि वे इस राशि का सदुपयोग करते हुए गायों के लिए बेहतर

सुविधाएं सुनिश्चित करें।

भव्य बिश्नोई ने

ढाणी मोहब्बतपुर में एक खाल (पानी की नहर) का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर उन्होंने

कहा कि सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करना किसानों की समृद्धि के लिए अत्यंत आवश्यक है।

खाल के निर्माण से क्षेत्र के किसानों को फसलों की सिंचाई में राहत मिलेगी और जल प्रबंधन

बेहतर होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों

को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। भव्य बिश्नोई ने आदमपुर विधानसभा क्षेत्र

में चल रहे अन्य विकास कार्यों का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट

प्राप्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर