हिसार : पंजाब में खिसकते जनाधार से बौखलाकर भाजपा ने मरवाए छापे : राजेंद्र सोरखी

 


मुख्यमंत्री भगवंत मान गीदड़ भभकियों से डरने

वाले नहीं, छापों से आप और मजबूत होगी

हिसार, 07 अक्टूबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी ने

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस और अन्य स्थानों पर सीबीआई की छापेमारी

पर भाजपा पर निशाना साधा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की

सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों से जनता का विश्वास बढ़ने और भाजपा के जनाधार में

गिरावट को देखते हुए छापेमारी के जरिए राजनीतिक दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य एवं हांसी

जिला अध्यक्ष राजेंद्र सोरखी ने बुधवार काे कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस के साथ

उनके ओएसडी राजबीर घुम्मन के संगरूर स्थित निवास पर भी सीबीआई ने छापेमारी की कार्रवाई

की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी छापों के बाद आशंका जताई है कि

आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भाजपा सरकार सीबीआई और ईडी का दुरुपयोग कर सकती

है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का मानना है कि पंजाब की जनता मुख्यमंत्री भगवंत

मान के अब तक के कार्यकाल से संतुष्ट है। इसी कारण भाजपा कथित तौर पर छापेमारी का सहारा

लेकर अपनी चुनावी तैयारियां शुरू कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की स्थिति पंजाब

में खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे जैसी हो गई है।

राजेंद्र सोरखी ने कहा कि इन छापों से आम आदमी

पार्टी को कमजोर करने में सफलता नहीं मिलेगी, बल्कि जनता भाजपा की कथित ओच्छी मानसिकता

को देखकर आप को और अधिक मजबूत करेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी

को मिल रहे जनसमर्थन के चलते पार्टी दोबारा बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा

कि भगवंत मान भाजपा की गीदड़ भभकियों से डरने वाले नहीं हैं। आम आदमी पार्टी भाजपा

की जनविरोधी नीतियों का पहले की तरह डटकर विरोध करेगी और जनता के सामने भाजपा की नीतियों

को उजागर करती रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर