राेहतक में भाजपा के टैंट के सामने धरने पर बैठे कांग्रेसी,जमकर नारेबाजी

 




भाजपा के टेंट के सामने धरने पर बैठे कांग्रेस नेता, चौक पर भारी पुलिस बल तैनातकांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले, शहर का माहौल खराब करना चाहती है भाजपा

रोहतक, 10 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के अंबेडकर चौक पर शनिवार को भाजपा के विरोध प्रदर्शन के लिए लगाए गए टेंट को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गईं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की मौजूदगी में कांग्रेस नेताओं ने जमकर नारेबाजी की और टेंट हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष कुलदीप केडी और ग्रामीण जिलाध्यक्ष बलवान रंगा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के प्रदर्शन का विरोध किया। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से चौक पर तनाव की स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और पुलिस ने भाजपा के टेंट के चारों तरफ बैरिकेड लगाकर सुरक्षा घेरा बना दिया।

दरअसल, भाजपा की ओर से कांग्रेस सांसद अंगोम्चा बिमोल अकोइजम के कथित बयान के विरोध में अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन का आयोजन किया गया था। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता प्रदर्शन के लिए पहुंचे थे। कार्यक्रम के लिए चौक पर बड़ा टेंट लगाया गया था। इसकी जानकारी मिलते ही कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष कुलदीप केडी और ग्रामीण जिलाध्यक्ष बलवान रंगा भी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भाजपा के टेंट के सामने धरना शुरू कर दिया। इस दौरान डॉ. अर्चना गुप्ता की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष कुलदीप केडी ने आरोप लगाया कि भाजपा जानबूझकर रोहतक का शांतिपूर्ण माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रशासन ने कानून व्यवस्था का हवाला देकर शहर में धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किए हुए हैं, दूसरी तरफ सत्ताधारी दल को शहर के सबसे व्यस्त चौकों में से एक अंबेडकर चौक पर बड़ा टेंट लगाने की अनुमति दे दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कानून केवल विपक्ष के लिए है और सत्ताधारी दल को नियमों से छूट मिली हुई है। कुलदीप केडी ने कहा कि अंबेडकर चौक शहर का प्रमुख चौराहा है और यहां टेंट लगाकर रास्ता बाधित करना आम लोगों की परेशानी बढ़ाने वाला कदम है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तत्काल टेंट हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई जाए।कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष बलवान रंगा ने भी भाजपा के प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन सत्ताधारी दल के दबाव में दोहरे मापदंड अपना रहा है। उन्होंने कहा कि जब पूरे शहर में धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू हैं तो भाजपा को इतने बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने और सार्वजनिक स्थान पर टेंट लगाने की अनुमति किस आधार पर दी गई।बलवान रंगा ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज करवा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक मुद्दों को लेकर अनावश्यक टकराव पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी सभी राजनीतिक दलों के साथ समान व्यवहार करने की है। यदि नियम लागू हैं तो उनका पालन सभी को करना चाहिए।भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के प्रदर्शन स्थल पर मौजूद रहने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी तेज कर दी। कांग्रेस के दोनों जिलाध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ टेंट के सामने धरने पर बैठे रहे। दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ता अपने निर्धारित विरोध प्रदर्शन के लिए जुटे हुए थे। दोनों दलों के बीच टकराव की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। बैरिकेड लगाकर दोनों पक्षों को अलग रखने का प्रयास किया गया। राजनीतिक गहमागहमी के बीच अंबेडकर चौक पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। पुलिस ने टेंट के चारों तरफ बैरिकेड लगा दिए, ताकि दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने न आ सकें। कांग्रेस नेताओं ने टेंट हटाने की मांग को लेकर धरना जारी रखा और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल