हांसी : गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत
गाड़ी गिरी गड्ढों में सभी युवक बाल बाल बचे
हांसी, 23 जून (हि.स.)। हांसी चंडीगढ़ सड़क मार्ग
पर गांव राजपुरा के पास गाड़ी की टक्कर लगने से बाइक सवार व्यक्ति की दर्दनाक हादसे
में मौत हो गई। कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा कर गड्डों में जाकर पलट गई लेकिन
गाड़ी के एयरबैग खुलने की वजह से गाड़ी सवार युवक बाल बाल बच गए। घायलों को अस्पताल
में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को हांसी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम
करवाकर उनके परिजनों को सौंप दिया।
हांसी चंडीगढ़ सड़क मार्ग पर मंगलवार को गांव
राजपुरा के पास जींद की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक सवार राजपुरा
निवासी किसान 59 वर्षीय सतबीर उर्फ बिल्लू को सीधी टक्कर मार दी। कार की टक्कर लगते
ही बाइक सवार व्यक्ति सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको अस्पताल में
ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। टक्कर लगने से कार चालक
भी नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे खड़े सफेदे के पेड़ से जा टकराई और गड्ढों
में गिरकर पलट गई। गाड़ी में सवार हांसी निवासी 21 वर्षीय मोहित, 22 वर्षीय डोनी ओर
महम निवासी 21 वर्षीय रितिक गाड़ी में फंस गए। गाड़ी के एयरबैग खुलने की वजह से उनकी
जान बाल बाल बच गई। हादसा इतना भयानक था कि इसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी।
गाड़ी को पलटा देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और
राहगीरों की मदद से गाड़ी में फंसे तीनों युवकों
को बाहर निकाला और उपचार के लिए हांसी के अस्पताल में भर्ती करवाया। हादसे की सूचना
मिलते ही नारनौंद पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस
ने मृतक के भाई कुलदीप के बयान पर गाड़ी में सवार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच
शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर