हिसार : पैट्रोल व डीजल की एक्साइज ड्यूटी में भारी कटौती जनहित में केन्द्र का बड़ा कदम : आशा खेदड़
सरकार ने जनता पर पड़ने वाला भार खुद वहन करके
जनता को महंगाई से बचाया
तेल व गैस की कोई कमी नहीं, सरकार की पूरी नजर,
जरूरत के अनुसार ही तेल व गैस लें नागरिक
हिसार, 28 मार्च (हि.स.)। भाजपा जिला अध्यक्ष
डॉ. आशा खेदड़ ने केन्द्र सरकार द्वारा फ्यूल एक्साइज ड्यूटी कम किए जाने की सराहना
करते हुए इसे सरकार का जनता के हित में बड़ा कदम बताया है। उन्होंने कहा कि तेल संकट
के समय में केन्द्र ने पैट्रोल व डीजल पर एक्साइज डॅयूटी में बड़ी कटौती की है, जिससे
जनता को उसी दर पर तेल मिलता रहेगा।
डॉ. आशा खेदड़ ने शनिवार काे कहा कि केन्द्र सरकार ने बड़ा
फैसला लेते हुए पैट्रोल व एक्साइज ड्यूटी 13 रुपये से घटाकर तीन रुपये व डीजल पर एक्साइज
ड्यूटी 10 रुपये घटाकर शून्य कर दिया है। केन्द्र के इस फैसले से तेल की कीमतों को
नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी और जनता को संकट के इस समय में तेल कीमतों में बढ़ोतरी
का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार जनहित
में व जनता के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है। यही कारण है कि सरकार ने जनता
पर पड़ने वाला भार खुद वहन करके जनता के हर वर्ग को बड़ी राहत दी है।
डॉ. आशा खेदड़ ने केन्द्र व प्रदेश सरकार के
दावों का हवाला देते हुए कहा कि देश में तेल व इंधन की कोई कमी नहीं है। सरकार एवं
प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा सुनिश्चित आपूर्ति के प्रयास में है ताकि
हर नागरिक को उसकी जरूरत के अनुसार तेल व गैस मिल सके। उन्होंने नागरिकों से भी अपील
की कि वे पैनिक न हो और अपनी जरूरत के अनुसार ही तेल व गैस खरीदें ताकि इनका आबंटन
सुचारू रह सके।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा एवं
अन्य पदाधिकारियों ने भी पैट्रोल व डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाने का स्वागत करते हुए
इसे जनहित में केन्द्र सरकार का बड़ा फैसला बताया है। उन्होेंने कहा कि इस फैसले के
साथ ही केन्द्र सरकार ने साबित कर दिया है कि वह हर मुश्किल घड़ी में जनता के साथ हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर