सोनीपत के भविष्य शर्मा की लखनऊ अग्निकांड में मौत

 

पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार

सोनीपत, 23 जून (हि.स.)। लखनऊ

में हुए भीषण अग्निकांड ने सोनीपत जिले के गांव महिपुर के एक परिवार की खुशियां छीन

लीं। हादसे में 23 वर्षीय भविष्य शर्मा की मौत हो गई। भविष्य ने हाल ही में एनीमेशन

का व्यावसायिक पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद लखनऊ स्थित एक एनीमेशन एवं गेमिंग संस्थान

में नौकरी शुरू की थी।

नौकरी जॉइन किए उसे केवल आठ दिन हुए थे। जानकारी

के अनुसार भविष्य शर्मा खरखौदा क्षेत्र के गांव महिपुर का निवासी था। परिवार और ग्रामीणों

को उससे बड़ी उम्मीदें थी, लेकिन अचानक हुए अग्निकांड ने उसके सपनों को अधूरा छोड़

दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव महिपुर और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़

गई। लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर बाद एक इमारत में आग लग गई। हादसे में

अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में पांच महिलाएं और 10 पुरुष शामिल हैं।

अधिकांश मृतक 20 से 30 वर्ष आयु वर्ग के बताए गए हैं।

भविष्य

शर्मा का गांव महिपुर में अंतिम संस्कार किया गया। उसकी असमय

मौत से पूरे क्षेत्र में गहरा दुख है। ग्रामीणों ने बताया कि भविष्य मेहनती, मिलनसार

और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित युवक था। उसकी मौत से परिवार के साथ पूरे गांव को

अपूरणीय क्षति पहुंची है।

इस बीच हरियाणा के सहकारिता मंत्री डाॅ.अरविंद शर्मा ने मंगलवार काे जारी शाेक संदेश में कहा कि लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड में गोहाना विधानसभा के गांव महीपुर के प्रतिभाशाली 23 वर्षीय भविष्य शर्मा की मृत्यु होने की दुखद खबर है। महज 8 दिन पहले एक एनिमेशन एंड गेमिंग संस्थान में नौकरी जॉइन करने वाले युवा का असामयिक निधन मन को व्यथित करने वाला है। इस कठिन समय में हम परिवार के साथ हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना