सिरसा: भाखड़ा मैन ब्रांच नहर टूटने से करीब 20 एकड़ फसल जलमग्न

 


सिरसा, 16 मार्च (हि.स.)। सिरसा जिले के गांव अबूबशहर के निकट काला तीतर के पास सोमवार को भाखड़ा मैन ब्रांच नहर टूट गई, जिससे 20 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल जलमग्र हो गई है। नहर में करीब 25 फुट चौड़ी दरार आ गई, जिससे पानी तेजी से खेतों में फैल गया। किसानों ने बताया कि वे सुबह अपने खेतों की ओर जा रहे थे। काला तीतर के पास नहर टूटी हुई थी। उन्होंने तुरंत अन्य किसानों को इसकी सूचना दी। किसानों के नहर पर पहुंचने से पहले ही लगभग 20 एकड़ कृषि भूमि में पानी भर चुका था।

किसानों ने सिंचाई विभाग को सूचना दी, जिस पर सिंचाई विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और नहर को पाटने का काम शुरू किया। किसानों का कहना है कि जब उन्हें पानी की आवश्यकता होती है, तब नहरों में पानी नहीं छोड़ा जाता, अब फसल कटाई के समय अनावश्यक रूप से नहरों में अधिक पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे नहरें और माइनर ओवरफ्लो होकर टूट रहे हैं। किसानों ने सरकार से मांग की है कि नुकसान की भरपाई के लिए विशेष गिरदावरी करवाकर उन्हें मुआवजा दिया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma