भजनलाल पर की गई टिप्पणी शर्मनाक व अस्वीकार्य : राव नरेंद्र सिंह
चंडीगढ़, 27 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने भाजपा सांसद रेखा शर्मा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी भजनलाल जी एवं विधायक चंद्रमोहन के खिलाफ की गई अमर्यादित टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह बयान पूरी तरह शर्मनाक, अस्वीकार्य और प्रदेश की जनता का घोर अपमान है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान न केवल राजनीतिक मर्यादाओं को तार-तार करते हैं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सभ्यता पर भी प्रश्नचिह्न लगाते हैं।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले व्यक्तियों से संयमित भाषा, शालीन व्यवहार और गरिमापूर्ण आचरण की अपेक्षा की जाती है। विशेष रूप से जब बात किसी दिवंगत जननेता की हो, जिन्होंने अपना पूरा जीवन जनता की सेवा, प्रदेश के विकास और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में समर्पित किया हो, तब इस प्रकार की अभद्र टिप्पणी करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय चौधरी भजनलाल हरियाणा की राजनीति के एक मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने प्रदेश को नई दिशा देने, विकास कार्यों को गति देने तथा आमजन की आवाज को सत्ता तक पहुंचाने का कार्य किया। प्रदेश की जनता आज भी उनके योगदान को सम्मान और आदर के साथ याद करती है। ऐसे महान नेता के प्रति अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने जैसा है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि केवल स्वर्गीय चौधरी भजनलाल जी ही नहीं, बल्कि उनके पुत्र एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री, वरिष्ठ कांग्रेस नेता तथा वर्तमान विधायक चंद्रमोहन के बारे में भी जिस प्रकार की शब्दावली का प्रयोग किया गया, वह लोकतांत्रिक मर्यादाओं, राजनीतिक संस्कारों और सामाजिक शुचिता से कोसों दूर है। राजनीतिक विरोध अपनी जगह हो सकता है, लेकिन व्यक्तिगत कटाक्ष और अमर्यादित भाषा किसी भी सभ्य लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं हो सकती। इसके लिए रेखा शर्मा को एवं भाजपा को सार्वजनिक रूप से चौधरी भजनलाल परिवार, चंद्रमोहन तथा प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही संबंधित सांसद के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर यह संदेश देना चाहिए कि भाजपा में भी राजनीतिक मर्यादाओं का सम्मान किया जाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा