कैथल: बरसीम का बीज चोरी करते युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा, पेड़ से बांधा
कैथल, 01 अगस्त (हि.स.)। चीका क्षेत्र के गांव हरिगढ़ किंगन में बरसीम का बीज चोरी करते एक युवक को शनिवार काे ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। ग्रामीणों ने आरोपी को रस्सी से पेड़ से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी। घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
चीका थाना के एसआई विजय कुमार की टीम ने गांव सिहाली निवासी संदीप को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ गांव हरिगढ़ किंगन निवासी कृष्ण कुमार की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपने घर में 50-50 किलो के बरसीम बीज के 10 कट्टे रखे हुए थे। 27 जुलाई को एक कट्टा और 29 जुलाई को दूसरा कट्टा चोरी हो गया था। इसके बाद 31 जुलाई को तीसरी बार गांव सिहाली निवासी संदीप और मेवा चोरी करने पहुंचे। निगरानी लगाए बैठे ग्रामीणों ने संदीप को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मेवा मौके से फरार हो गया। संदीप काे पुलिस के पहुंचने तक पेड़ से बांध कर रखा गया । आरोपियों की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद कुछ युवकों ने उसके साथ मारपीट भी की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। चीका थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है तथा गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे