50 लाख लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर किए 1,634 करोड़
मुख्यमंत्री के मेहमान बने चार लाभार्थी
‘डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर’ से बढ़ी पारदर्शिता
चंडीगढ़, 10 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र व्यक्तियों को डीबीटी के माध्यम से लाभ राशि भिजवाने के क्रम में शनिवार को चार लाभार्थियों के हाथों से प्रदेश के 50 लाख 46 हजार 624 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,634 करोड़ 27 लाख रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित करवाई। बटन दबाकर लाभराशि का हस्तांतरण करने वाली तीन महिला लाभार्थियों व एक किसान लाभार्थी ने अपने इस अनुभव को यादगार बताते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यप्रणाली की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्ष की अनवरत राष्ट्र सेवा और इच्छाशक्ति से यह संभव हुआ है कि आज केंद्र सरकार द्वारा भिजवाए गए एक रुपये को डबल इंजन सरकार सवा रुपया करके विकास कार्यों में लगाती है जबकि कांग्रेस राज में ऐसे प्रधानमंत्री भी हुए हैं जो कहते थे कि केंद्र सरकार द्वारा भिजवाए गए एक रुपये में से जमीन तक 15 पैसे ही पहुंचते हैं।
दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 12वीं किस्त जारी:
मुख्यमंत्री ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 12वीं किस्त जारी करवाते हुए 10 लाख 10 हजार लाभार्थी बहन-बेटियों के बैंक खातों में 212 करोड़ 16 लाख रुपये की राशि हस्तांतरित की। उन्होंने बताया कि अब तक इस योजना की 12 किस्तों में 2,466 करोड़ 63 लाख रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ 17 सितंबर से हो चुका है। सरकार ने योजना का दायरा बढ़ाते हुए परिवार की वार्षिक आय सीमा को एक लाख रुपये से बढ़ाकर एक लाख 80 हजार रुपये किया है। दूसरे चरण में 2 लाख 57 हजार 147 बहन-बेटियों ने अपना पंजीकरण करवाया है। इन पंजीकृत लाभार्थियों को नवंबर माह में लाभ राशि का वितरण किया जाएगा।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को राहत:
मुख्यमंत्री ने विभिन्न 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 35 लाख 13 हजार 295 लाभार्थियों के खातों में 1,131 करोड़ 7 लाख रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित करवाई। इन योजनाओं में वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग भत्ता सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन शामिल हैं।
हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत महिलाओं को राहत
हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत गैस सिलेंडर रिफिल करवाने वाली 5 लाख 14 हजार बहनों के बैंक खातों में अगस्त माह की 20 करोड़ 39 लाख रुपये की सब्सिडी हस्तांतरित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है। आज जारी राशि को मिलाकर अब तक 14 लाख 65 हजार पात्र बहनों के खातों में कुल 380 करोड़ 21 लाख रुपये की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।
दयालु योजना के तहत 4,222 परिवारों को 158 करोड़ 80 लाख की सहायता:
मुख्यमंत्री ने दयालु योजना के तहत 4,222 परिवारों को 158 करोड़ 80 लाख रुपये की आर्थिक सहायता बैंकों में भिजवाई। उन्होंने कहा कि आज जारी सहायता राशि को मिलाकर अब तक 92 हजार 220 परिवारों को कुल 3,479 करोड़ 61 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है।
भावांतर भरपाई योजना से किसानों को राहत:
मुख्यमंत्री ने भावांतर भरपाई योजना के तहत आलू और फूलगोभी उत्पादक 3,384 किसानों को 34 करोड़ 79 लाख रुपये की भावांतर राशि जारी करवाई। इसमें आलू की फसल के लिए 3,364 किसानों को 34 करोड़ 76 लाख रुपये तथा फूलगोभी के लिए 20 किसानों को 2 लाख 39 हजार रुपये की राशि शामिल है। आलू की राशि अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और सिरसा तथा फूलगोभी की राशि कुरुक्षेत्र और यमुनानगर के सब्जी उत्पादक किसानों को जारी की गई है। आज की राशि को मिलाकर अब तक 49 हजार 148 किसानों को 281 करोड़ 74 लाख रुपये की भावांतर भरपाई जारी की जा चुकी है।
अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग की चौपालों के लिए 77 करोड़ रुपये:
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग की चौपालों की मरम्मत और नवीनीकरण के लिए 21 जिलों में 1,723 कार्यों हेतु 77 करोड़ 6 लाख रुपये की राशि जारी की। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी 2,930 कार्यों के लिए 118 करोड़ 47 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं। इस प्रकार अब तक कुल 4,653 कार्यों के लिए 195 करोड़ 53 लाख रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। इनमें से 1,555 मांगें फील्ड अधिकारियों के माध्यम से तथा 169 मांगें ग्रामीणों द्वारा सीधे जन संवाद पोर्टल पर उठाई गई थीं। जन संवाद पोर्टल से प्राप्त 169 कार्यों के लिए 8 करोड़ 80 लाख रुपये तथा फील्ड स्तर से प्राप्त 1,555 कार्यों के लिए 68 करोड़ 26 लाख रुपये की राशि शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा