पानीपत: बस में सफर के दौरान महिला के बैग से एक लाख रुपए सहित जेवर चोरी

 

पानीपत, 3 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत के किशनपुरा की रहने वाली एक महिला बस में अंबाला से चलकर अपने घर पानीपत आ रही थी, सफर के दौरान उसके बैग से एक लाख रुपए नकदी व सोने की चेन और अंगूठी चोरी हो गई। अंबाला में महिला अपने पति से रुपए लेकर लौट रही थी। घटना की शिकायत महिला ने पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया है।

सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में शितु ने बताया कि वह किशनपुरा की रहने वाली है। बुधवार को वह अपने पति हुकम सिंह से अंबाला से मिलकर पानीपत लौट रही थी। उसके पास एक लाख रुपये थे। सफर के दौरान उसने अपनी सोने की चेन और अंगूठी भी बैग में रख ली। उसने टोल प्लाजा पर बैग चेक किया, तो उसमें एक लाख रुपए व सोने की चेन-अंगूठी सही सलामत रखी हुई थी।

महिला ने बताया कि वह सिवाह बस स्टैंड पर उतरी। यहां उतरने के बाद सिटी बस में सवार होकर संजय चौक तक पहुंची। यहां उसने फिर से बैग चेक किया तो बैग खाली मिला उसके बैग से एक लाख रुपए कैश, सोने की 2 तोला वजनी चेन और आधा तोला वजनी अंगूठी गायब मिले। इसके बाद उसने वारदात की सूचना अपने परिजनों व पुलिस को दी। थाना शहर एसएचओ सुरेश कुमार ने बताया कि शितु की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा