जींद : विदेश में रह रहा चचेरा भाई बनकर लगाया डेढ़ लाख का चूना
जींद, 14 अक्टूबर (हि.स.)। नरवाना खंड के गांव दनौदा खुर्द के एक युवक को विदेश में रह रहा चचेरा भाई बन कर डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। पीडि़त व्यक्ति ने मामले की शिकायत साइबर थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर बुधवार काे आराेपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव दनौदा खुर्द निवासी सुनील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका चचेरा भाई सुमित अमेरिका में रह रहा है। गत दस अक्टूबर को उसके व्हाट्सअप पर कॉल आई। जिसने कहा कि वह सुमित बोल रहा है। परिवार के बारे में उसने हालचाल जाना। उसने कहा कि वह उसके खाते में सात लाख 85 हजार रुपये भेज रहा है। जिस पर उसने अपनी पत्नी का बैंक खाता भेज दिया। जिसके बाद उसके व्हाट्सअप पर दो रसीदें भेजी गई। जिसमें रुपये जमा करवाए गए थे। फिर उसने स्कैनर भेज कर कहा कि अढ़ाई लाख रुपये वापस भेजने के बारे में कहा। उसने बताया कि राशि उसे एजेंट को भेजनी है। उसने अपने जानकारों से रुपये लेकर डेढ़ लाख रुपये आरोपित के पास स्कैनर से भेज दिए। जिसके बाद उसने सुमित के पिता से संपर्क साधा तो उसे फ्रॉड होने का पता चला। साइबर थाना पुलिस ने सुनील की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार को जानकारी देते हुए साइबर थाना के जांच अधिकारी कुलदीप ने बताया कि विदेश में रह रहा चचेरा भाई बन कर रूपए हड़पने की शिकायत मिली थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा