सिरसा: हजारों प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद, तीन गिरफ्तार
सिरसा, 14 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने मेडिकल नशा बेचने वालों पर कार्रवाई करते हुए जिला क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर हजारों प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की हैं। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी संदीप सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि पुलिस टीम रानियां क्षेत्र के गांव बणी में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक आता दिखाई दिया, जो कि पुलिस को देखकर वापस मुडक़र भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 1770 नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान मंगा लाल के रूप में हुई। इसके अलावा पुलिस ने गांव हारनी खुर्द क्षेत्र से एक युवक को 2190 नशीली गोलियां व कैप्सूल सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान राजू के रूप में हुई।
उधर, पुलिस ने बड़ागुढ़ा क्षेत्र से एक युवक को 4500 प्रतिबंधित नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया है। बडागुढ़ा थाना प्रभारी लाभ सिंह ने बताया कि पुलिस टीम बड़ागुढ़ा क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक पैदल आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुडक़र भागने की कोशिश करने लगा। शक के आधार पर पुलिस युवक को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 4500 नशीली गोलियों व कैप्सूल बरामद हुए। आरोपी की पहचान दलबीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद नशीली गोलियों को ड्रग विभाग के हवाले कर दिया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma