यमुनानगर:बैंक के बाहर धरने पर बैठे किसान,सैकड़ों उपभोक्ता हुए परेशान

 


किसानों के धरने से बैंक का कामकाज ठप

यमुनानगर, 07 जुलाई (हि.स.)। यमुनानगर के विश्वकर्मा चौक स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा के बाहर भारतीय किसान यूनियन का धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने बैंक के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगाकर विरोध दर्ज कराया, जिससे शाखा का सामान्य कामकाज प्रभावित रहा। बैंक पहुंचे अनेक ग्राहकों को बिना कार्य कराए वापस लौटना पड़ा।

धरने पर बैठे किसानों ने कहा कि 77 वर्षीय किसान मोहन सिंह के होम लोन प्रकरण का मानवीय आधार पर समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बैंक प्रबंधन ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा सड़क जाम जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं।

कैंप कॉलोनी निवासी मंगत राम ने बताया कि उन्हें राजस्थान में रह रहे अपने रिश्तेदार के खाते में तत्काल राशि जमा करानी थी, लेकिन बैंक में कामकाज ठप होने के कारण उन्हें निराश लौटना पड़ा। भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने बताया कि मोहन सिंह के पुत्र ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से लगभग 10 लाख रुपये का होम लोन लिया था। पुत्र के निधन के बाद परिवार आर्थिक संकट में आ गया।

उन्होंने कहा कि परिवार अब तक लगभग साढ़े चार लाख रुपये जमा करा चुका है, लेकिन शेष राशि चुकाने की स्थिति में नहीं है। किसान संगठन का आरोप है कि बैंक की ओर से लगातार रिकवरी नोटिस जारी किए जा रहे हैं। यूनियन ने एसबीआई प्रबंधन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए मामले का समाधान करने की मांग की है। फिलहाल धरना जारी है और बैंक की सामान्य सेवाएं प्रभावित बनी हुई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार