बैंक खातों, एफडी व ब्याज राशि की जांच करेंगे सभी विभाग

 

चंडीगढ़, 08 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा में आए दिन सामने आ रहे बैंक घोटालों पर सरकार सतर्क हो गई है। राज्य सरकार के वित्त विभाग ने राज्य के सभी विभागों, बोर्डों, निगमों और विश्वविद्यालयों को बैंक खातों और फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) पर मिलने वाले ब्याज की तत्काल जांच और मिलान करने के निर्देश दिए हैं।

इस संबंध में वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की ओर से जारी पत्र के बाद अब विभाग ने रिमाइंडर-1 जारी कर इसे अत्यंत जरूरी और समयबद्ध कार्य बताया है। वित्त विभाग के पत्र के अनुसार, सरकार ने पहले 17 मार्च 2026 को जारी निर्देशों में सभी विभागों को अपने बैंक खातों और एफडी की समीक्षा कर यह सुनिश्चित करने को कहा था कि बैंकों द्वारा ब्याज तय दरों के अनुसार ही जमा किया गया है और परिपक्वता राशि भी सही है, लेकिन अधिकांश विभागों ने इस पर गंभीरता नहीं दिखाते हुए रिपोर्ट नहीं भेजी।

वित्त विभाग ने निर्देश जारी किए हैं कि सभी विभाग अपने बैंक खातों और एफडी की तुरंत जांच करें। बैंक द्वारा दी गई ब्याज दर और वास्तविक जमा ब्याज का मिलान करें। यदि ब्याज कम जमा हुआ है, तो संबंधित बैंक से तुरंत अंतर राशि दिलवाए। प्रत्येक एफडी पर लागू ब्याज दर और जमा ब्याज की पुष्टि का प्रमाण पत्र बैंक से प्राप्त करें। वित्त विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह पूरा कार्य संबंधित कार्यालयों को 15 अप्रैल 2026 तक हर हाल में रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा