कैथल: मारपीट कर व्यक्ति की हत्या के केस में पांच आरोपी गिरफ्तार

 


कैथल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। ढांड थाना क्षेत्र के गांव बंदराना में करीब डेढ़ महीने पहले हुए मारपीट के मामले में घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार काे स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बंदराना निवासी महेंद्र, नरसी, प्रवीण, शिवकुमार और जोधा राम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी और इसी के चलते विवाद हुआ था।

पुलिस के अनुसार गांव बंदराना निवासी रीटा ने 21 अगस्त को शिकायत दी थी कि वह शाम के समय घर का कूड़ा फेंकने जा रही थी। इसी दौरान गली में मौजूद कुछ लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। शोर सुनकर रीटा के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि विवाद के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों, जेली और ईंटों से हमला कर दिया। मारपीट में रीटा के अलावा उसके चाचा मांगेराम, चाची बीरमती, देवर बलवान, बेटे अंकुश, पति गणेश समेत कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल कैथल ले जाया गया था। मांगेराम की हालत गंभीर होने पर उसे आगे के उपचार के लिए रेफर कर दिया गया।

उपचार के दौरान हुई मौत, हत्या की धारा जोड़ी

मांगेराम का उपचार चल रहा था, लेकिन 26 सितंबर को मुलाना मेडिकल कॉलेज में उसकी मौत हो गई। मौत के बाद पुलिस ने पहले दर्ज मारपीट के मामले में हत्या की धारा जोड़ दी। इसके बाद मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट को सौंपी गई। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एसआई वीरेंद्र की टीम ने जांच करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक मामले में पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में आरोपियों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे