बहादुरगढ़ पीडीएम डेंटल कॉलेज की मान्यता रद्द

 

चंडीगढ़, 07 सितंबर (हि.स.)। नेशनल डेंटल कमीशन ने बहादुरगढ़ स्थित पीडीएम डेंटल कॉलेज की मान्यता रदद् करने के आदेश जारी कर दिए हैं। यहां

पढ़ रहे बीडीएस और एमडीएस विद्यार्थियों को अब दूसरे कॉलेजों में पढ़ाई पूरी करनी होगी। कॉलेज की व्यवस्थाओं में गंभीर खामियां मिलने के बाद नेशनल डेंटल कमीशन ने इसकी मान्यता रद्द कर दी है और संस्थान को बंद करने का आदेश दिया है।

केंद्र के फैसले के बाद हरियाणा के चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग ने भी कॉलेज को संचालन के लिए जारी अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) वापस ले लिया है। विद्यार्थियों को हरियाणा के अन्य मान्यता प्राप्त डेंटल कॉलेजों में समायोजित किया जाएगा। इसके लिए पंडित बीडी शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक में ऑफलाइन काउंसलिंग कराई जाएगी। काउंसलिंग की तारीख और कार्यक्रम बाद में जारी होगा।

सितंबर 2025 में हुए संयुक्त निरीक्षण में कॉलेज की व्यवस्थाओं में कई कमियां मिली थीं। जांच में भवन और अन्य सुविधाओं, शिक्षकों, अस्पताल, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और छात्रावास की स्थिति तय मानकों के अनुरूप नहीं मिली।

न्यूनतम मानकों का पालन नहीं करने पर डेंटल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड ने कॉलेज पर 5 करोड़ 10 लाख 90 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। यह राशि अब तक जमा नहीं कराई गई है।

विभाग ने विद्यार्थियों से कहा है कि काउंसलिंग से जुड़ी जानकारी के लिए चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग और रोहतक स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर नजर रखें। सरकार का कहना है कि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा