हिसार : कांग्रेस पार्टी ने हमेशा संविधान व लोकतंत्र की रक्षा की : बृजलाल बहबलपुरिया
जयंती पर कांग्रेस
भवन में श्रद्धा से याद किए गए बाबा साहेब
हिसार, 14 अप्रैल
(हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की
135वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस भवन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता
जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने की।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम
बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि
दी गई। इसके पश्चात उपस्थित पार्टीजनों ने बाबा साहेब के जीवन, उनके संघर्ष और उनके
विचारों को याद करते हुए उनके संदेशों को दोहराया तथा समाज में उनके आदर्शों को अपनाने
का संकल्प लिया।
जिला अध्यक्ष बृजलाल
बहबलपुरिया ने मंगलवार काे कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने देश को जो संविधान दिया, वह
हर वर्ग को समान अधिकार और सम्मान सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि आज देश में संविधान
की मूल भावना पर लगातार आघात हो रहा है, जिसे बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने
विशेष रूप से महिलाओं के अधिकारों पर बाबा साहेब के योगदान को याद करते हुए कहा कि
बाबा साहेब ने महिलाओं को समान अधिकार दिलाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए।
जिला अध्यक्ष ने
केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकारें लोकतांत्रिक
संस्थाओं को कमजोर कर रही हैं और जनता के अधिकारों को सीमित किया जा रहा है। उन्होंने
आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा का निजीकरण तेजी से बढ़ा रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग
के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दूर होती जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर