‘टीबी मुक्त भारत’ के संकल्प को सशक्त कर रहा हरियाणा : आरती सिंह राव

 

टीबी उन्मूलन के प्रयासों को गति देने के लिए सांसद और विधायक भी अभियान से जुड़े

चंडीगढ़, 14 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा प्रदेश ‘टीबी मुक्त भारत’ के संकल्प को सशक्त कर रहा है। टीबी उन्मूलन के प्रयासों को गति देने के लिए राज्य के सांसद एवं विधायक भी इस अभियान से जुड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश को ‘टीबी मुक्त’ बनाने तथा टीबी के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत करने के लिए अपने संकल्प को दोहराया है।

राव ने बताया कि टीबी के गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रभाव और इसके उन्मूलन के लिए जमीनी स्तर पर निरंतर एवं समन्वित प्रयासों की आवश्यकता को देखते हुए, हरियाणा के प्रत्येक जिले से सांसदों एवं विधायकों को ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के जिला स्तरीय चेयरपर्सन के रूप में अभियान से जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग, स्थानीय निकायों, सामुदायिक संगठनों एवं आमजन को एक साझा मंच पर लाकर टीबी उन्मूलन के प्रयासों को और अधिक प्रभावी एवं जन-आंदोलन का स्वरूप देना है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि हरियाणा ने राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी की पहचान, जांच एवं उपचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। प्रदेश में बेहतर केस डिटेक्शन, मजबूत जांच सुविधाओं, प्रभावी उपचार परिणामों तथा बढ़ती सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से टीबी उन्मूलन के प्रयासों को निरंतर गति दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय चेयरपर्सन अपने-अपने जिलों में अभियान को सक्रिय रूप से आगे बढ़ाने तथा टीबी के खिलाफ एक मजबूत सामुदायिक आंदोलन के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस स्वतंत्रता दिवस पर हरियाणा यह संकल्प दोहराता है कि बीमारी से मुक्ति भी एक स्वस्थ एवं गरिमापूर्ण जीवन की स्वतंत्रता का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

टीबी (क्षय रोग) के उन्मूलन को लेकर जारी प्रयासों को नई दिशा देने के लिए ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत जिलावार अध्यक्षों की सूची जारी की गई है। इस अभियान की कमान राज्य के जनप्रतिनिधियों सांसदों और विधायकों को सौंपी गई है, ताकि वे अपने-अपने जिलों में स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और अभियान के प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा