हिसार : नशे के खिलाफ पुलिस का जागरूकता अभियान जारी, 13 नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ा

 


चमारखेड़ा, साहू और पाबड़ा में ग्रामीणों व विद्यार्थियों

को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक

हिसार, 30 अगस्त (हि.स.)। नशे के खिलाफ चलाए जा

रहे अभियान के तहत जिला पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने थाना उकलाना और बरवाला क्षेत्र

के गांव चमारखेड़ा, साहू और पाबड़ा में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान युवाओं और

ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ नशा पीड़ितों को उपचार

से जोड़ने का प्रयास किया गया। अभियान के दौरान 13 नशा पीड़ितों को उपचार एवं दवाई

उपलब्ध करवाई गई।

नशा मुक्ति पुलिस टीम के सब इंस्पेक्टर हवा सिंह

ने गांव साहू के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में करीब 90 विद्यार्थियों को नशे

के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों

को पढ़ाई और खेलों पर ध्यान केंद्रित करने तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया

गया। इस दौरान साइबर अपराध, महिला अपराध और यातायात नियमों के संबंध में भी जागरूक

किया गया। विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ शपथ दिलाकर समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग

का आह्वान किया गया।

पुलिस टीम ने गांवों में सरपंचों, ग्रामीणों,

नशा पीड़ितों और उनके परिजनों से संवाद कर उन्हें उपचार के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों

से नशा तस्करों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि नशे की लत

से जूझ रहे लोगों को अपराधी समझकर उनसे दूरी बनाने के बजाय उपचार और सही मार्गदर्शन

के जरिए मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया जाना चाहिए।

एसपी सिद्धांत जैन ने रविवार काे कहा है कि पुलिस का नशामुक्ति

अभियान केवल नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे की गिरफ्त

में आए लोगों को उपचार, सहयोग और समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी प्राथमिकता है। उन्होंने

आमजन से नशे के खिलाफ पुलिस के अभियान में सक्रिय सहयोग करने और नशे की लत से जूझ रहे

लोगों को उपचार के लिए प्रेरित करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर