हिसार : शिक्षा, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रहित के प्रति जागरूकता जरूरी : प्रो. बृज किशोर

 


पंचनद शोध संस्थान की गोष्ठी आयोजित

हिसार, 15 जून (हि.स.)। पंचनद शोध संस्थान में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पंचनद शोध संस्थान के अखिल भारतीय अध्यक्ष प्रो. बृज किशोर कुठियाला

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग के पूर्व

चेयरमैन जगजीत सिंह घणघस ने अध्यक्षता की। बैठक में पंचनद शोध संस्थान के कार्यकारी

अध्यक्ष प्रो. जगबीर सिंह उपस्थित रहे।

प्रो. बृज किशोर कुठियाला ने साेमवार काे अपने संबोधन में कहा कि समाजहित के कार्य केवल

सेवा का माध्यम नहीं, बल्कि प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य हैं। ऐसे प्रयासों

से समाज में सद्भाव, विकास और राष्ट्र की प्रगति सुनिश्चित होती है। किसी भी क्षेत्र

का समग्र विकास शिक्षा के बिना संभव नहीं है, इसलिए शिक्षा के प्रचार-प्रसार को प्राथमिकता

दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्वान बनाना नहीं, बल्कि

चरित्रवान, आत्मनिर्भर, संवेदनशील एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक तैयार करना

होना चाहिए।

प्रो. कुठियाला ने पर्यावरण संरक्षण, जल-संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के

संतुलित एवं सीमित उपयोग की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सतत विकास

के लिए समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। कार्यक्रम

में योगानुकूल एवं देशानुकूल चिंतन की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए प्रो. बीके कुठीयाला

ने बताया कि समाज एवं राष्ट्र के विकास के लिए ऐसी नीतियां एवं व्यवस्थाओं की आवश्यकता

है जो भारतीय परिस्थितियों परंपराओं और वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप हो। ‘पंच परिवर्तन’ शोध पत्र तैयार करने

के लिए क्या करें-क्या न करें विषय पर नागरिकों

से सुझाव मांगे गए थे जिसके तहत डॉ. मुदिता वर्मा, पूनम वर्मा, डॉ. विवेक सैनी, डॉ.

सतीश वर्मा, डॉ. सीमा गुप्ता, डॉ. मोहित कुमार, डॉ. विवेक श्रीवास्तव, सुदर्शन सोनी,

रेखा रानी ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

पूर्व चेयरमैन जगजीत सिंह घणघस ने कहा कि पंचनद शोध संस्थान समाज और राष्ट्रहित

के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। बैठक में पंचनद शोध संस्थान के संरक्षक ज्ञानचंद बंसल, हकृवि कैंपस स्कूल की

निदेशिका श्रीमती संतोष कुमारी व महिला आयाम की प्रमुख डॉ. मुदिता वर्मा सहित शहर के

गणमान्य नागरिक एवं संस्थान के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर