कैथल: आस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर 15.69 लाख ठगे, युवक को वियतनाम में बनाया बंधक

 

कैथल, 08 अगस्त (हि.स.)। आस्ट्रेलिया भेजकर वहां यूनिवर्सिटी में दाखिला दिलाने का झांसा देकर एक युवक और उसके परिवार से 15 लाख 69 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को आस्ट्रेलिया भेजने के बजाय पहले बैंकाक और फिर वियतनाम भेज दिया गया, जहां उसे बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी दी गई। सुभाष नगर निवासी परमजीत सिंह की शिकायत पर शनिवार काे सिविल लाइन थाना पुलिस ने जीरकपुर, मोहाली निवासी आकाश गुप्ता और उसकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज किया है।

परमजीत सिंह ने शिकायत में बताया कि उनका बेटा हर्षित कैथल की एक यूनिवर्सिटी में बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। 27 मार्च 2026 को आकाश गुप्ता ने हर्षित से फोन पर संपर्क किया और उसे बताया कि वह युवाओं को विदेश भेजने का काम करता है। उसने हर्षित को आस्ट्रेलिया भेजकर वहां यूनिवर्सिटी में दाखिला दिलाने की बात कही और इसके लिए 17 लाख रुपये की मांग की। परिवार ने शुरुआत में करीब चार लाख 20 हजार रुपये आरोपितों को दे दिए। इसके बाद 28 मार्च को हर्षित को दिल्ली के एक होटल में बुलाया गया। 30 मार्च को उसे थाईलैंड की टिकट देकर बैंकाक भेज दिया गया। बैंकाक पहुंचने के बाद अलग-अलग खर्चों का हवाला देकर उससे करीब छह लाख रुपये और लिए गए। हालांकि, आस्ट्रेलिया भेजने के बजाय हर्षित को सात अप्रैल को वापस भारत भेज दिया गया।

बकाया रकम लेने के बाद फिर बैंकाक भेजाआरोप है कि इसके बाद आकाश गुप्ता ने बकाया रकम जल्द जमा करवाने का दबाव बनाया। परिवार ने 13 मई को बकाया पैसे भी आरोपियाें को दे दिए। इसके बाद 18 मई को हर्षित को दोबारा बैंकाक भेज दिया गया। उसे बैंकाक से आस्ट्रेलिया की एक टिकट दी गई, लेकिन टिकट फर्जी होने के कारण वह आस्ट्रेलिया नहीं जा सका। इसके बाद 16 जून को हर्षित को वियतनाम भेज दिया गया। शिकायत के अनुसार वहां उसे बंधक बना लिया गया और जान से मारने की धमकी देकर पैसे मांगे गए। रकम देने के बाद ही वह वापस भारत आ सका। परमजीत सिंह का आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया में उनसे कुल 15 लाख 69 हजार रुपये की ठगी की गई। पैसे वापस मांगने पर आरोपियाें ने उन्हें और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आकाश गुप्ता और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई तेग सिंह को सौंप दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे