पलवल में घर में घुसकर दंपती पर हमला: पेट्रोल छिड़ककर मारपीट, युवक की हालत गंभीर
पलवल, 23 मार्च (हि.स.)। जिले के मुंडकटी थाना क्षेत्र के खटैला गांव में देर रात एक दंपती पर घर में घुसकर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। तीन अज्ञात युवकों ने दंपती पर पेट्रोल छिड़ककर बेरहमी से मारपीट की, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार खटैला गांव निवासी सौरभ और उनकी पत्नी ज्योति एक होटल में काम करते हैं। रविवार रात वे अपने घर पर थे, तभी तीन युवक अचानक उनके घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावर अपने साथ पेट्रोल से भरी बोतलें लेकर आए थे। हमलावरों ने पहले दंपती पर पेट्रोल छिड़का और फिर उन पर हमला कर दिया। इस दौरान सौरभ के सिर पर कांच की बोतल से वार किया गया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए। इसके बाद आरोपियों ने लाठियों से भी दोनों की पिटाई की।
हमले के बाद आरोपी दंपती को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में ज्योति ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सौरभ की हालत गंभीर बनी हुई है। जांच अधिकारी ने सोमवार को बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग