सोनीपत: निफ्टेम कॉलेज गार्ड पर जानलेवा हमला, छह आरोपियों पर मामला दर्ज

 


सोनीपत, 27 जून (हि.स.)। सोनीपत

के कुंडली स्थित निफ्टेम कॉलेज में तैनात एक सुरक्षा गार्ड पर ड्यूटी समाप्त होने के

बाद जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद

और पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित

जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कुंडली

निवासी कृष्णपाल ने पुलिस को बताया कि वह अनुसूचित जाति समुदाय से हैं और निफ्टेम कॉलेज

में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। शुक्रवार को दोपहर करीब दो बजे वह कॉलेज

के गेट नंबर-दो पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान कॉलेज में कार्यरत सुरक्षा गार्ड अतुल

ने उन्हें दूसरी जगह चलने के लिए कहा। अधिकारियों के आदेश के बिना ड्यूटी स्थल छोड़ने

से इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि जाते समय अतुल ने रात को

ड्यूटी समाप्त होने के बाद देख लेने की धमकी दी।

शिकायत

के अनुसार, रात लगभग दस बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद कृष्णपाल स्कूटी से घर लौट रहे

थे। कॉलेज के बाहर गोल चक्कर के पास अतुल ने अपनी कार स्कूटी के सामने रोक दी। कार

से तीन और बाइक से पहुंचे दो अन्य युवकों सहित कुल छह लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप

है कि सभी ने जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया और लाठी-डंडों से सिर व शरीर पर हमला

कर दिया। गंभीर चोट लगने से वह बेहोश होकर गिर पड़े। आरोपियों ने उन्हें मृत समझकर

मौके से फरार हो गए।

होश

आने पर कृष्णपाल ने रात डायल-112 पर सूचना दी। उनका मित्र उन्हें जिला नागरिक अस्पताल

लेकर पहुंचा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रोहतक

भेज दिया गया। पीड़ित ने मेडिकल रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी है।

कुंडली

थाना पुलिस ने अतुल और पांच अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं तथा अनुसूचित जाति

एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी

है। पीड़ित ने आरोपियों से जान-माल का खतरा बताते हुए सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की

मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना