हिसार : सीआईए ने अंतरराज्यीय एटीएम चोरी गिरोह पकड़ा, दो आरोपी गिरफ्तार

 


वारदात में चोरी की गई नकदी का हिस्सा बरामद, अन्य सदस्यों की तलाश जारी

हिसार, 13 जुलाई (हि.स.)। अपराध एवं संगठित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे

अभियान के तहत सीआईए पुलिस टीम ने एटीएम मशीन को काटकर नकदी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय

गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की

पहचान मध्य प्रदेश के पिपरिया जिला के गांव बिरदौल निवासी पांडू व राजस्थान

के झुंझनु के गांव सिसासा में रह रहे हरिया के रूप में हुई है।

एसपी सिद्धांत जैन ने साेमवार काे बताया कि इस संबंध में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित

एसबीआई के एटीएम से मशीन को काटकर करीब तीन लाख 38 हजार 200 रुपये चोरी किए जाने के संबंध

में मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों,

सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर गहन जांच शुरू की।

जांच के

दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों

ने अपने साथियों के साथ मिलकर एटीएम कक्ष का ताला तोड़कर मशीन की कैश वेंडिंग यूनिट

को काटकर नकदी चोरी करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के निशानदेही

पर चोरी की रकम में से उनके हिस्से में आए 13 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच

में यह भी सामने आया है कि आरोपी अंतरराज्यीय एटीएम चोरी गिरोह से जुड़े हुए हैं तथा

विभिन्न राज्यों में इस प्रकार की वारदातों में संलिप्त रहे हैं। आरोपियों के अन्य

साथियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर