हरियाणाा में 1988 से 2024 के बीच अर्धशुष्क क्षेत्र का दायरा 48.7 से बढ़कर 65 प्रतिशत हुआ

 


हकृवि के कृषि पारिस्थितिकी एटलस को मिला कॉपीराइट, हरियाणा में चौथे जलवायु

क्षेत्र की पहचान

फसलों के चयन और जल प्रबंधन में मिलेगी मदद

हिसार, 13 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (हकृवि) के वैज्ञानिकों

ने हरियाणा का कृषि पारिस्थितिकी एटलस तैयार किया है, जिसे आधिकारिक रूप से कॉपीराइट

प्राप्त हुआ है। कृषि मौसम विज्ञान विभाग की ओर से तैयार इस एटलस का विमोचन कुलपति

प्रो. बीआर कम्बोज ने किया। एटलस में प्रदेश की जलवायु में पिछले तीन दशकों के दौरान

आए बदलावों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया गया है। इसमें हरियाणा में तीन के बजाय चार

प्रमुख कृषि पारिस्थितिकी क्षेत्रों की पहचान की गई है।

कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने शुक्रवार काे बताया कि यह एटलस किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और

नीति निर्माताओं के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज साबित होगा। इसमें तापमान, वर्षा, आर्द्रता,

वायु और मिट्टी सहित विभिन्न प्राकृतिक कारकों के आधार पर प्रदेश के कृषि एवं जलवायु

क्षेत्रों का अध्ययन किया गया है। इससे क्षेत्र विशेष की जलवायु और उपलब्ध संसाधनों

के अनुरूप फसलों का चयन करने, पानी का बेहतर उपयोग करने और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने

में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी की जरूरतों को पूरा करने के लिए प्राकृतिक

संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग जरूरी है। एटलस खेती की बेहतर योजना बनाने, उपजाऊ भूमि

का संरक्षण करने और कृषि उत्पादन बढ़ाने में उपयोगी रहेगा।

कुलपति ने बताया कि वर्ष 1988 से 2022 के बीच किए गए अध्ययन में हरियाणा के

जलवायु क्षेत्रों में महत्वपूर्ण बदलाव सामने आए हैं। पहले प्रदेश में तीन जलवायु क्षेत्र

माने जाते थे, लेकिन नए अध्ययन में उत्तर के पहाड़ी क्षेत्रों में नम उपार्द्र जलवायु

क्षेत्र की पहचान हुई है। यह बदलाव जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को दर्शाता है। अध्ययन

के अनुसार प्रदेश में शुष्क क्षेत्र का दायरा घटा है, जबकि अर्धशुष्क क्षेत्र का विस्तार

हुआ है। वर्ष 1988 में अर्धशुष्क क्षेत्र प्रदेश के 48.7 प्रतिशत हिस्से में फैला था,

जो वर्ष 2024 में बढ़कर 65 प्रतिशत हो गया।

अनुसंधान निदेशक डॉ. राजबीर गर्ग ने बताया कि यह एटलस मौसम संबंधी आंकड़ों

और कृषि की जरूरतों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करेगा। इसके माध्यम से वैज्ञानिक

अलग-अलग क्षेत्रों की जलवायु के अनुरूप फसलों की किस्मों और सिंचाई एवं जल प्रबंधन

की योजनाएं तैयार कर सकेंगे। इससे किसान भी अपने क्षेत्र की परिस्थितियों और उपलब्ध

संसाधनों के अनुसार फसलों का चयन कर कम संसाधनों में बेहतर उत्पादन हासिल कर सकेंगे।

एटलस तैयार करने वाली वैज्ञानिकों की टीम में डॉ. अनुराग, डॉ. रामनिवास, डॉ.

एमएल खीचड़, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. चंद्रशेखर और डॉ. राजबीर गर्ग शामिल रहे। इस अवसर

पर ओएसडी डॉ. अतुल ढींगड़ा, मीडिया एडवाइजर डॉ. संदीप आर्य, डॉ. दिनेश तोमर, डॉ. योगेश

जिंदल और डॉ. जितेन्द्र भाटिया भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर