जींद : हरियाणा की बेटियों की उपलब्धियां पूरे देश के लिए गर्व: डा. कृष्ण मिड्ढा

 


जींद, 01 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि हरियाणा की बेटियां आज खेलों के मैदान में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रही हैं। सकारात्मक सोच, मजबूत संकल्प और सामूहिक प्रयासों से ही देश और प्रदेश प्रगति के नए आयाम स्थापित कर सकते हैं। हरियाणा की बेटियों की उपलब्धियां पूरे देश के लिए गर्व का विषय हैं। डिप्टी स्पीकर रविवार को चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय हरियाणा दिवस समारोह को बतौर मुख्यअतिथि संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि हरियाणा एक नवंबर 1966 को अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। उस समय प्रदेश के सामने अनेक चुनौतियां थी लेकिन प्रदेशवासियों की मेहनतए लगन और समर्पण ने हरियाणा को आज शिक्षा, खेलए उद्योग और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में अलग पहचान दिलाई है। यह उपलब्धि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के परिश्रम का परिणाम है। डा. मिड्ढा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रदेश में विकास के अनेक ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। खरखौदा में मारुति का नया संयंत्र स्थापित होना और जींद से हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत प्रदेश की बदलती तस्वीर के उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बिना पर्ची-खर्ची योग्यता के आधार पर युवाओं को रोजगार देने की जो व्यवस्था शुरू की थी, उसे वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगे बढ़ा रहे हैं।

डा. मिड्ढा ने कहा कि हरियाणा की बेटियों ने कुश्ती सहित विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। आज हरियाणवी संगीत और संस्कृति की लोकप्रियता भी देशभर में बढ़ी है। एक समय था जब दूसरे राज्यों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अधिक प्रभाव रहता था लेकिन आज हरियाणवी संगीत की धुनों पर पूरे देश के लोग झूमते हैं। कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री नायब सिंह के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया। उपायुक्त डा. वैशाली शर्मा ने कहा कि प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े और खुशहाली व समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित करे। उन्होंने लोगों से प्रदेश की एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत बनाने में योगदान देने की अपील की। इस अवसर पर उपायुक्त ने एशियाई खेलों सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को सम्मानित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा