खेल महाकुंभ में 20 हजार खिलाड़ी दिखाएंगे दम,प्रदेश के 11 शहरों में होगा आयोजन
-मुख्यमंत्री ने किया खेल महाकुंभ हरियाणा-2026 के शुभंकर का लोकार्पण
चंडीगढ़, 27 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को 'खेल महाकुंभ हरियाणा-2026' के शुभंकर का लोकार्पण किया। राज्य पशु काला हिरण की थीम पर तैयार किया गया यह शुभंकर हरियाणा की पहचान, सांस्कृतिक विरासत और प्रदेश के खिलाडिय़ों की फुर्ती, सतर्कता, संतुलन तथा लक्ष्य के प्रति समर्पण का प्रतीक है। इस अवसर पर हॉकी के पूर्व कप्तान सरदार सिंह, एशियाई खेलों की पदक विजेता परवीन हुड्डा, नरेंद्र बॉक्सर को सम्मानित भी किया गया।
उपस्थित खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के खिलाडिय़ों का जोश और उत्साह ही प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। हमें गर्व है कि जब भी पदकों की तालिका बनती है, उसमें हरियाणा का नाम सबसे ऊंचा होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि काला हिरण अपने अद्भुत वेग, फुर्ती, सतर्कता, संतुलन और सौम्यता के लिए जाना जाता है। यही गुण हरियाणा के खिलाड़ियाें में भी दिखाई देते हैं। खिलाड़ी जब मैदान में उतरते हैं तो उनमें काला हिरण जैसी फुर्ती, एकाग्रता और लक्ष्य को भेदने की क्षमता नजर आती है। उन्होंने कहा कि शुभंकर के माध्यम से प्रदेश के युवाओं और आमजन को पर्यावरण संरक्षण, वन्य जीवों के प्रति संवेदनशीलता और प्राकृतिक धरोहर को सहेजने का संदेश भी दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल महाकुम्भ की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 30 खेलों में बीस हजार खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिताओं का आयोजन दो चरणों में प्रदेश के 11 विभिन्न शहरों में किया जाएगा।
वार्षिक खेल कैलेंडर के अनुसार, इस महाकुम्भ की गतिविधियां 16 नवंबर से शुरू हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी भर्ती नियमों के तहत अब तक 260 उत्कृष्ट खिलाडिय़ों को ग्रुप-ए, बी और सी की सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों सहित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों को 6 करोड़ रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए जाते हैं। पिछले 12 वर्षों में प्रदेश के 17 हजार 676 खिलाड़ियों को 931 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई है। प्रदेश में 2 हजार खेल नर्सरियां खोली गई हैं, जहां लगभग 40 हजार बच्चे सुबह-शाम अभ्यास कर रहे हैं। हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि खेल महाकुंभ में 20 हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। 30 से अधिक खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं प्रदेश के 11 से अधिक शहरों में आयोजित की जाएंगी। उन्हें पूरा विश्वास है कि इस आयोजन से निकलने वाली प्रतिभाएं भविष्य में एशियाई खेलों, पैरा ओलंपिक और ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा