सोनीपत का एथलीट बिना वीजा आईजीआई एयरपोर्ट में घुसा, सीआईएसएफ ने पकड़ा

 


सोनीपत, 19 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत के एक एथलीट को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय

एयरपोर्ट पर बिना वीजा और वैध यात्रा दस्तावेजों के टर्मिनल-3 के प्रतिबंधित क्षेत्र

में गुरुवार काे जबरन घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया है। युवक ने सुरक्षा जांच के दौरान तैनात

जवानों को चकमा देकर अंदर जाने का प्रयास किया। हालांकि, सीआईएसएफ की सतर्कता और क्विक

रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) की तत्परता से उसे कुछ ही सेकंड में काबू कर लिया गया।

पकड़े गए युवक की पहचान सोनीपत निवासी कुनाल के रूप में हुई

है। वह एथलीट है और फिलहाल पश्चिम बंगाल में रहकर खेल का प्रशिक्षण ले रहा है। वह टर्मिनल-3 के प्रस्थान द्वार से बिना अनुमति अंदर घुसने की कोशिश कर

रहा था। पहले उसने प्रवेश द्वार पर तैनात जांच कर्मचारियों को चकमा दिया और फिर तेजी

से एयरपोर्ट के अंदर की तरफ दौड़ लगा दी। उसकी इस हरकत को देखकर सुरक्षा कर्मी सतर्क हो गए और तुरंत

अलर्ट जारी किया। इसके बाद क्यूआरटी और सीआईएसएफ जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर अंदर भागता

दिखाई दे रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुनाल किसी भी कीमत पर

विदेश जाना चाहता था, जबकि उसके पास विदेश यात्रा के लिए जरूरी वीजा और अन्य वैध दस्तावेज

नहीं थे। उसके पास से मोबाइल फोन, किताबें, खेल का सामान, प्रमाणपत्र और आवेदन फॉर्म

भी बरामद हुए हैं। परिजनों ने उसकी नशे की लत और मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात

बताई है। सीआईएसएफ ने बताया कि जवानों की तत्परता से प्रतिबंधित क्षेत्र

में बड़ी सुरक्षा चूक होने से बच गई। युवक को हिरासत में लेकर दिल्ली पुलिस के हवाले

कर दिया गया है। सीआईएसएफ की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर

दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक से पूछताछ जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना