जींद: हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने किया नागरिक अस्पताल व महिला थाना का निरीक्षण
जींद, 21 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने कहा कि हरियाणा राज्य महिला आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, घरेलू हिंसा, उनके साथ होने वाले भेदभाव एवं उत्पीडऩ की शिकायतों के निवारण तथा महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। आयोग का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा वातावरण उपलब्ध करवाना है, जहां वे बिना किसी भय या संकोच के अपनी शिकायत दर्ज करवा सकें और उन्हें समयबद्ध तरीके से न्याय एवं सहायता मिल सके। वे शुक्रवार को नागरिक अस्पताल व महिला थाना का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रही थी।
इस दौरान उन्होंने डीसी डा. वैशाली शर्मा व पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह के साथ महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों तथा उन्हें उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा कर जानकारी ली। उपाध्यक्ष मीना परमार ने कहा कि महिला संबंधी शिकायतों को केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया के रूप में न लेकर संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ सुना जाना चाहिए।
महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने सामान्य अस्पताल जींद का दौरा कर वहां महिलाओं को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने महिला एवं प्रसूति सेवाओं, जांच, उपचार, परामर्श तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में आने वाली महिलाओं के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने महिला वार्ड में जाकर महिला विशेषज्ञ डाक्टर से महिलाओं के स्वास्थ्य सम्बधी विस्तार से जानकारी ली।
वन स्टॉप सेंटर में महिलाओं को मिले त्वरित सहायता
उपाध्यक्ष मीना परमार ने अपने दौरे के दौरान वन स्टॉप सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां महिलाओं को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं तथा केंद्र में आने वाली महिलाओं की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उपाध्यक्ष ने महिला थाना जींद का निरीक्षण भी किया। उन्होंने थाना परिसर में महिला संबंधी शिकायतों के रिकॉर्ड, शिकायतों पर की गई कार्रवाई तथा लंबित मामलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से उन महिलाओं द्वारा पूर्व में दी गई शिकायतों का संज्ञान लियाए जिनकी शिकायतों पर कार्रवाई की जा चुकी है अथवा जो किसी स्तर पर लंबित हैं। मीना परमार ने शिकायतकर्ता महिलाओं से फोन पर स्वयं बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों के संबंध में जानकारी ली।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा